पीलीभीत। माधोटांडा मार्ग स्थित एक अस्पताल पर लगे शव का इलाज करने के आरोप के मामले में बुधवार को सीएमओ कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए।
शहर माधोटांडा रेलवे क्राॅसिंग के समीप स्थित एक अस्पताल में पूरनपुर कोतवाली के गांव चांट फिरोजपुर निवासी 30 वर्षीय विष्णु पुत्र प्रेमराज को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। नौ जुलाई की शाम विष्णु की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। रुपये वसूलने के लिए शव का इलाज करने का आरोप लगाया। मामले में सीएमओ के निर्देश पर जिला अस्पताल के तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की जांच कमेटी गठित की गई थी। दो दिन पूर्व आरोपी पक्ष के चिकित्सक के बयान भी दर्ज किए गए। बुधवार को सीएमओ कार्यालय में दोनों पक्षों को बुलाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर की मौजूदगी में सीएमओ डॉ. आलोक कुमार शर्मा ने दोनों पक्ष के बयान दर्ज किए। सीएमओ ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच चल रही है।