शहर के नौगवा रेलवे क्रासिंग पर सोमवार को बहुप्रतीक्षित नौगवा ओवरब्रिज
का निर्माण शुरू हो गया। निर्माणदायी संस्था सेतु निगम के अफसरों की देखरेख
में टनकपुर हाइवे पर पिलर बनाने को जेसीबी से खुदाई शुरू कर दी गई।
शहर
के नौगवा रेलवे क्रासिंग पर शहरवासी लंबे अरसे से ओवरब्रिज बनाने की मांग
करते आ रहे थे। इसको लेकर केंद्र व राज्य सरकार ने 30.72 करोड़ की धनराशि
जारी करते हुए निर्माण की मंजूरी दी थी।
इधर सोमवार को 911 मीटर लंबे नौगवा
ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो गया। टनकपुर हाइवे पर बनने वाले इस ओवरब्रिज
के निर्माण से पूर्व बेरीकेडिंग लगाकर हाइवे को बंद कर दिया गया। इसके बाद
हाइवे के दोनों तरफ मिट्टी डालकर वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई।
सेतु
निगम के अधिशासी अभियंता वीके सेन व अवर अभियंता आशीष निर्वाल की देखरेख
में पहले पिलर के फाउंडेशन के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य शुरू करा
दिया। निर्माण से पूर्व दूरसंचार विभाग को भी सूचना दी गई ताकि कोई लाइन
क्षतिग्रस्त न हो सके। अधिशासी अभियंता ने बताया कि ओवरब्रिज को लेकर 22
पिलर तैयार किए जाएंगे।
अभी बंद नहीं होगा मंडी मार्ग
ओवरब्रिज
निर्माण के दौरान मंडी रोड फिलहाल अभी बंद नहीं किया जाएगा। रोड को छोड़कर
इसके दोनों किनारों से वाहनों की आवाजाही जारी रखी जाएगी। ट्रेफिक इंचार्ज
मनोज बिरला ने बताया कि इस मार्ग पर केवल गन्ना व अन्य भारी वाहनों के
प्रवेश पर रोक रहेगा। वाहनों को रोड की दोनों पटरियों से गुजारा जाएगा।
हटवाया गया अतिक्रमण
सेतु
निगम के अफसरों ने पुलिस व ट्रेफिक पुलिस के सहयोग से मंडी रोड की पटरियों
पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया, ताकि निर्माण के दौरान पटरियों पर
वाहनों का आवागमन जारी रखा जाए।
डेढ़ साल में पूरा होगा निर्माण
ओवरब्रिज
का निर्माण शुरू कराया जा चुका है। इसको लेकर 22 पिलर तैयार किए जाएंगे।
प्रशासन के सहयोग से डेढ़ साल के भीतर इसका निर्माण पूरा करने के पूरे
प्रयास किए जाएंगे।
वीके सेन, अधिशासी अभियंता, सेतु निगम