गांधी स्टेडियम में कराई गई अंडर-19 प्रतियोगिता, सनराइज क्लब को 2-1 से हराया, जिले की आठ टीमों ने किया प्रतिभाग, बीएसए ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में शनिवार को हॉकी एसोसिएशन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 बालिका 7 साइड हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों में एसपीएस स्कूल की टीम फाइनल में सनराइज क्लब को 2-1 से हराकर चैंपियन बनी। प्रतियोगिता में जिले की आठ टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में गांधी स्टेडियम टीम ने सिटी मोंटेसरी को 7-0 से पराजित किया। दूसरे मैच में सनराइज स्कूल ने कंपोजिट स्कूल चंदौई को 4-1 से हराया। तीसरे मुकाबले में स्वर्गीय सुरेश मेमोरियल पब्लिक स्कूल ने सर्वोदय इंटर कॉलेज को 3-1 से शिकस्त दी, जबकि चौथे मैच में एसपीएस स्कूल ने जूनियर हाई स्कूल दियोरी को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में सनराइज क्लब ने सुरेश मेमोरियल को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में एसपीएस स्कूल की टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सनराइज क्लब को 2-1 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
समापन समारोह में सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं का प्रदर्शन जिले में खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत हैं। इस अवसर पर मेराज हुसैन, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, जयवीर सिंह, अनिल महेंद्रु और डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री समेत कई अधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में हॉकी संघ अध्यक्ष प्रदीप कुमार खींची, संयोजक दीपक सरकार, सचिव जयप्रकाश बघेल समेत अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संवाद
भविष्य में ओलंपिक में प्रतिभाग करने की तमन्ना
हॉकी में तीन बार प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुकी हूं। पुरस्कार भी जीते। भविष्य में ओलंपिक में प्रतिभाग करने की तमन्ना है। इसके लिए अभ्यास जारी है। - संगीता देवी, हरप्रसाद, ग्राम दियूरी
-
चार बार प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया
हॉकी खेलना बचपन से शौक रहा। मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण के बल पर नियमित आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। चार बार प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। - दिव्या भारती, ग्राम दियूरी
जिला स्तरीय बालिका हॉॅकी प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। स्रोत आयोजक- फोटो : Archive
जिला स्तरीय बालिका हॉॅकी प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। स्रोत आयोजक- फोटो : Archive