पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में बीसलपुर व बिलसंडा ब्लाक में छिटपुट वारदातों के बीच मतदान संपन्न हुआ। मतदान से साढ़े आठ घंटे पूर्व बीसलपुर ब्लाक के गांव चौसर हरदोपट्टी में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट, तोड़फोड़ के साथ फायरिंग हुई। जिसमें एक ग्रामीण गोली लगने से व दूसरा धारदार हथियार से घायल हो गया। मतदान के दौरान पिपरगहना में वोट काटने को लेकर दो प्रधान पद के प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। दोनों ब्लाकों में 83.45 प्रतिशत मतदान हुआ। बिलसंडा में 82.64 व बीसलपुर में 84.27 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी के साथ बीसलपुर में प्रधान पद के 581 व सदस्य पद के 1016 तथा बिलसंडा ब्लाक में प्रधान पद के 1033 व सदस्य पद के 1260 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतपेटिका में बंद हो गया। डीएम व एसपी ने भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
तीसरे चरण में बीसलपुर ब्लाक के 163 बूथों पर जबकि बिलसंडा में 197 बूथों पर शनिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। कई बूथों पर छह बजे के आसपास ही मतदाताओं की लाइनें लगना शुरू हो गई थीं। हालांकि सुबह आठ बजे तक कोहरा पड़ने के चलते कुछ मतदान केंद्रों पर वोटर कम दिखे। मलकपुर के एक बूथ पर गांव सिसैया के अखिलेश ने खुद का वोट किसी अन्य द्वारा डाले जाने पर जमकर हंगामा किया। इसके चलते मतदान थम गया। सूचना पर पहुंचे एसओ केपी सिंह ने हंगामा कर रहे युवक को बाहर निकाला, तब कहीं जाकर मतदान शुरू हुआ। वहीं कासिमपुर में प्रधान पद के प्रत्याशी राजीव गंगवार व उगनपुर के हेमेेंद्र ने अधिकारियों को दूरभाष पर फर्जी वोटिंग होने की सूचना दी। महादेवा मतदान केंद्र पर अनावश्यक रूप से बार-बार कार लाने वाले युवक को पुलिस ने धर दबोचा, लेकिन बाद में उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
मुस्लिम बाहुल्य मतदान केंद्र रसियाखानपुर, मीरपुर वाहनपुर, चंदपुरा, चुर्रासकतपुर, मुसैली, पहाड़गंज, इमलिया मरौरी, बिलासपुर व हरैया मतदान केंद्र पर सुबह से लेकर शाम तक मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रही। रिछौला घासी मतदान केंद्र पर समय से मतदान न निपटने की आशंका पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने एक अतिरिक्त कर्मचारी भेजा। इधर, रायपुर में मतदान से पूर्व प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस मेें भिड़ गए। विधायक रामसरन वर्मा की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। चुटकुना, मलकपुर व कनगवां के मतदान केंद्रों का रास्ता संकरा होने के कारण अधिकारी यहां जाने से कतराते रहे। वहीं पांच पांच बूथों वाले मुस्लिम बाहुल्य मतदान केंद्र रसियाखानपुर व मीरपुर वाहनपुर में सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने यहां अधिकांश मुस्लिम पुलिस कर्मियों को तैनात किया था। इधर बिलसंडा ब्लाक में पिपरगहना में वोट काटने को लेकर दो प्रधान पद के प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया।