स्वच्छ भारत मिशन को एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में जिले में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। इसमें स्वच्छता दूत (सफाईकर्मी) सभी गांव में घर-घर जाकर शौचालय प्रयोग की जानकारी देंगे। शुक्रवार को डीपीआरओ अजय कुमार सिंह ने शाही गांव में इसका विधिवत शुभारंभ किया।
जहानाबाद क्षेत्र के गांव शाही में हुए कार्यक्रम का उद्घाटन डीपीआरओ ने अन्य अधिकारियों के साथ गांव में झाडू़ लगाकर किया। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को स्वच्छ भारत मिशन का एक वर्ष पूर्ण हुआ था लेकिन आचार संहिता के चलते इसे दो माह बाद मनाया जा रहा है। अभियान की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मियों को स्वच्छता दूत के रूप में घर-घर जाकर लोगों से शौचालय की जानकारी देकर प्रयोग करने को प्रोत्साहित करना है। इसमें प्रधान, आशा, एएनएम व स्वयं सहायता समूह व स्कूली बच्चों के माध्मय से भी जागरूकता कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी तक यह क्रम जारी रहेगा और इन चार दिनों में जिले के सभी 721 ग्राम पंचायतों में अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में जिला समन्वयक हेमेंद्र कुमार, एडीओ पंचायत रूपलाल सहित कई लोग थे।