घूरे से उठी एक चिंगारी ने किसान का छप्पर जलाकर राख कर दिया। अचानक लगी भीषण आग में एक पशु की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से झुलस गए। गृहस्थी का काफी सामान भी आग की चपेट में आ गया। चीख पुकार सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। हादसे के चलते गांव में हड़कंप मचा रहा।
थाना क्षेत्र के रामनगरिया गांव निवासी हरप्रसाद खेती कर परिवार का भरण पोषण करता है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पूरा परिवार एक छप्पर पड़े घर में रहता है। गुरुवार सुबह किसान परिवार के साथ घर में सो रहा था। बाहर के हिस्से में पशु बंधे हुए थे। इसी बीच घूरे में सुलग रही एक चिंगारी ने छप्पर में आग लगा दी। परिवार वाले कुछ समझ पाते इससे पहले ही तेज हवाओं के चलते आग ने भीषण रूप ले लिया, जिसके बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के तमाम ग्रामीण मौके पर इक_ा हो गए। बमुश्किल ग्रामीणों के सहयोग से परिवार वालों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान हरप्रसाद ने बताया कि हादसे में एक पशु की मौत और दो गंभीर रुप से झुलस गए हैं। इसके अलावा जानवरों के लिए रखा भूसा, बर्तन, कपड़े समेत हजारों का सामान जल गया।