जिले में सरकारी गेहूं खरीद व्यवस्था अधिकारियों के निर्देश के बाद भी पटरी पर नहीं आ पा रही है। डीएम ने गुरुवार को समीक्षा बैठक में खरीद कम होने पर कार्रवाई करते हुए एक एमआई को निलंबित करने, चार पर विभागीय कार्रवाई करने और दो जिला प्रबंधकों का वेतन रोकने के आदेश डिप्टी आरएमओ को दिए हैं।
जिले में गेहूं खरीद की स्थिति लक्ष्य से काफी पीछे है। हालांकि विभागीय अधिकारी जुगाड़ कर 20 प्रतिशत खरीद करने में सफल रहे हैं, लेकिन इसमें कुछ खरीद एजेंसियों की स्थिति काफी खराब है। बृहस्पतिवार को डीएम मासूम अली सरवर ने सभी खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधकों के साथ बैठक की। लक्ष्य के अनुरूप खरीद न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। मार्केटिंग की स्थिति सबसे खराब होने पर उन्होंने निसरा अमरिया के एमआई रमेश चंद्र को निलंबित करने और चार एमआई क्रमश: मिथलेश, सीमा गुप्ता, उपेंद्र गंगवार व पीयूष श्रीवास्तव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। एमआई पर कार्रवाई के अलावा डीएम ने यूपीएसएस के जिला प्रबंधक अर्जुन यादव व पीसीएफ के जिला प्रबंधक शैलेंद्र शुक्ला का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अजयकांत सैनी, डिप्टी आरएमओ सुरेश कुमार यादव, सोनू सक्सेना सहित सभी जिला प्रबंधक मौजूद रहे।
रोस्टर के अनुसार नियमित करें निरीक्षण
गेहूं खरीद की समीक्षा में डीएम ने क्रय केंद्रों के नियमित जांच के निर्देश दिए। इसके लिए एडीएम व जिला प्रबंधक को रोस्टर बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि रोस्टर के अनुसार सभी अधिकारी नियमित क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर एडीएम को रिपोर्ट करेंगे और एडीएम से कंपाइल रिपोर्ट उन्हें भेजी जाएगी।