पीलीभीत। कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया के दौरान उस वक्त काफी गहमागहमी का माहौल बन गया जब सपा कार्यकर्ता रक्षामंत्री राजनाथ के गुजरने वाले रूट पर आ गए। पुलिस को उनको हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसपी दिनेश कुमार पी ने मोर्चा संभाला तब कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया जा सका।
दरअसल, सपा से सदर सीट के उम्मीदवार डॉ. शैलेंद्र गंगवार समर्थकों के साथ नामांकन कराने पहुंचे थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उन्होंने नामांकन कराया। उसी वक्त रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरने की सूचना थी। पुलिस ने वहां पूरी व्यवस्था भी कर ली थी। कलक्ट्रेट पर पुलिस लाइन वाली सड़क से होकर रक्षामंत्री को शहर में जनसंपर्क के लिए जाना था। इसलिए वहां ठोस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। डॉ. शैलेंद्र गंगवार नामांकन के बाद जब बाहर निकले तो कार्यकर्ता जोश में आकर नारेबाजी करने लगे। ज्यादा भीड़ जुटी तो पुलिस ने सभी लोगों को पुलिस लाइन वाली सड़क से हटाकर दूसरी तरफ बैरिकेडिंग वाली सड़क की तरफ कर दिया। यहीं से विवाद शुरू हो गया। कार्यकर्ता एकजुट होकर उम्मीदवार और पार्टी के नाम से नारेबाजी करने लगे। वह इस बात पर भी एतराज कर रहे थे कि बाहर सड़क से उनके कार्यकर्ताओं को क्यों हटाया जा रहा है। हालात बिगड़ते देख पुलिस के आला अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। खुद एसपी दिनेश कुमार पी मौके पर आए और बमुश्किल रास्ता खाली कराया। स्थिति से निपटने के लिए फोर्स को भी बुला लिया गया था।