पीलीभीत। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव से सोने-चांदी की कीमतें आसमान पर हैं। बाजार में सन्नाटे के हालात हैं। ग्राहक सोना-चांदी इस समय केवल शादी-ब्याह के उद्देश्य से ही खरीद रहे हैं। बीते छह महीने से सोना-चांदी की कीमतें स्थिर न होने से निवेशक घबराने लगे हैं। सिर्फ जरूरतमंद ही सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं। छोटे निवेशकों ने तो सोना-चांदी की खरीद से पूरी तरह से हाथ खींच लिए हैं।
चौक के सराफा बाजार में इन दिनों में सन्नाटा है। यहां शोरूम से लेकर सराफा दुकानों में ग्राहक न के बराबर हैं। सोने के दाम पखवाड़ा पहले 38800 रुपये प्रति 10 ग्राम थे, जो अब बढ़कर 41200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो चुके हैं। वहीं चांदी के दाम पखवाड़ा पहले 42120 प्रति किलोग्राम थे। यह अब बढ़कर 48000 रुपये प्रति किलोग्राम हो चुके हैं। सोने के दामों में 2400 रुपये और चांदी के दामों में 5880 रुपये का उछाल है। कुछ सराफा व्यवसायी इसे अमेरिका और ईरान के मध्य तनाव के हालातों का असर बता रहे हैं तो बाकी रुपये में आई गिरावट के चलते सोने-चांदी की कीमतें बढ़ना मान रहे हैं। शहर में सोने-चांदी के करीब आठ बड़े शोरूम है, जबकि 250 दुकानें हैं। सराफा कारोबारियों के मुताबिक अब सोने चांदी की खरीदारी करने सिर्फ वही लोग आ रहे हैं, जिन्हें शादी या पार्टी में पहनने के लिए जरूरत है। इसमें निवेश न के बराबर बचा है क्योंकि पता नहीं कब सोने या चांदी की कीमतें बढ़ जाएं, कब कम हो जाएं। इसलिए निवेशक इसमें पैसा लगाने से डरते हैं।