खुशी का इजहार करते गौरव के परिजन। स्रोत परिजन
पहले प्रयास में मिली सफलता, वर्तमान में बिहार के लखीसराय में शिक्षक के पद पर तैनात हैं गौरव
बीसलपुर। नगर के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी गौरव गंगवार ने पीसीएस परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कठिन परिश्रम और लगन के दम पर मिली इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। गौरव का चयन वाणिज्यकर अधिकारी के पद पर हुआ है।
गौरव गंगवार के पिता लक्ष्मीकांत गंगवार पुस्तक विक्रेता हैं। उन्होंने बताया कि गौरव पिछले चार वर्षों से पीसीएस परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बीसलपुर के शिशु मंदिर से कक्षा एक से पांच तक और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से कक्षा छह से 12 तक पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से बीएससी की पढ़ाई की और वहीं कुछ समय कोचिंग भी की। तैयारी के दौरान ही उनका चयन बिहार के बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक के रूप में हो गया, जहां उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष तक सेवाएं दीं। वर्तमान में वह बिहार के जिला लखीसराय के एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने पीसीएस की तैयारी जारी रखी और अपने पहले ही प्रयास में परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
सोमवार को जारी परिणाम में गौरव का नाम 63वें स्थान पर दर्ज हुआ है। वह वाणिज्यकर अधिकारी बने हैं। इससे परिवार में हर्ष का माहौल है। गौरव अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजन के सहयोग को देते हैं। सफलता मिलने से मां दमयंती देवी,पिता लक्ष्मीकांत समेत परिवार में खुशी का माहौल है। सभी ने मिठाई खिलाकर एक दूसरे का मुंह मीठा किया। गौरव के बड़े भाई नितेश गंगवार सरकारी शिक्षक हैं और वर्तमान में बिलसंडा ब्लॉक के भगवतीपुर विद्यालय में तैनात हैं। गौरव की इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोग बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं। संवाद