पूरनपुर / पीलीभीत। गरीबों को बेहतर उपचार देने के लिए लगाए जाने वाला मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला खानापूर्ति बनकर रह गया है। रविवार को लगे मेले में कहीं चिकित्सक तो कहीं अन्य स्टॉफ नदारद रहा। जांच के नाम पर भी सिर्फ औपचारिकता निभाई गई। ऐसे में कहीं फार्मासिस्ट तो कहीं वार्ड बॉय ने मरीज देखे। वहीं पूरनपुर के गांव जटपुरा और अमरिया क्षेत्र की अधिकतर पीएचसी पर चिकित्सक नदारद रहे। जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव जटपुरा पीएचसी पर आयोजित जन आरोग्य मेले में चिकित्सक नदारद रहे। यहां फार्मासिस्ट राजेश कश्यप ने मरीजों को देखा और दवाई बांटी। पीएचसी में तैनात वार्ड बाॅय भी मौजूद नहीं था। दोपहर डेढ़ बजे तक पीएचसी में मात्र छह मरीज पहुंचे।
इस पीएचसी पर गांव के अलावा शारदा नदी किनारे के गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर, कॉलोनी नंबर छह, खिरकिया बरगदिया, ढक्काचांट, रूदपुर, बिलहरी, गजरौला खास आदि गांव के मरीज पहुंचे। अस्पताल में तैनात डॉ. सौरभ गंगवार का करीब दो महीने पहले जिले के दूसरे अस्पताल में स्थानांतरण कर दिया गया था। पीएचसी पर फार्मासिस्ट राजेश कश्यप, वार्ड बॉय अब्दुल समीर की तैनाती है।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आलमगीर ने बताया कि जटपुरा पीएचसी में किसी चिकित्सक की तैनाती नहीं है। फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय तैनात है। वार्ड बॉय की ड्यूटी मुख्य चिकित्साधिकारी की कोठी पर चल रही है। ऐसे में यहां दिक्कत आई।
अमरिया। परेवा वैश्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर वार्ड बॉय, एएनएम, भिकारीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गुलरिया भिंडारा अस्पताल में फार्मासिस्ट एवं स्टाफ नर्स और नगरीय कॉलोनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम व स्टाफ नर्स ने मरीजों का उपचार किया। नगरिया कॉलोनी मेले में 62, गुलरिया भिंडारा में 54, परेवा वैश्य में 50, भिकारीपुर में 48 मरीजों को देखा गया।
बीसलपुर : अव्यवस्थाओं के कारण मरीज हुए परेशान
बीसलपुर। विभागीय अनदेखी के चलते इस क्षेत्र में रविवार को विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित हुए जन आरोग्य मेलों में काफी अव्यवस्थाएं रही, जिससे मरीजों को दिक्कत हुई।
नगरीय पीएचसी में लगे मेले में डॉ. सविता विद्यार्थी ने 26 मरीज देखे। फार्मासिस्ट अमित सिंह और वार्ड बॉय पवन कुमार ने मरीजों को दवाई दी। पीएचसी खांडेपुर के मेले में डॉ. पराग अग्रवाल ने 21 मरीज देखे। फार्मासिस्ट की तैनाती न होने के कारण लैब टेक्नीशियन गोवर्धन लाल ने मरीजों को दवाई बांटी।
पीएचसी शिवपुरी नवदिया के मेले में डॉ. चिराग कुमार और नेत्र परीक्षण अधिकारी शिवराम ने 29 मरीज देखे। फार्मासिस्ट यतेंंद्र कुमार ने मरीजों को दवाई दी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंंद्र खांडेपुर में डॉ. कमलेश गंगवार ने 33 मरीज देखे। फार्मासिस्ट प्रशांत कुमार ने मरीजों को दवाई दी। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा किसी भी केंद्र के मेले में महिला रोग विशेषज्ञ नहीं थी, इससे अधिकतर महिला मरीज मायूस होकर लौट गईं।
शिवपुरी नवदिया के अलावा अन्य किसी भी जगह नेत्र परीक्षण अधिकारी न होने से मरीज परेशान हुए। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्साधिकारी न होने से अधिकतर मरीज हताश होकर लौट गए। इसके विपरीत सीएचसी अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार ने दावा किया कि मेलों में पहुंंचे मरीजों की सुविधा का ध्यान रखा गया।
-
जन आरोग्य मेले में शेड्यूल के हिसाब से चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई। जिन जगहों पर चिकित्सक नहीं पहुंचे। उन जगहों पर जांच कराकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ
पूरनपुर क्षेत्र के गांव जटपुरा पीएचसी में मरीज देखते फार्मासिस्ट।संवाद