परिषदीय विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के गठन को लेकर एडीएम अजयकांत सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लाकवार तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। गठित एसएमसी के माध्यम से ही बच्चों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म बंटवाई जाएगी।
गांधी सभागार में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में बताया गया कि जिले में विद्यालय प्रबंध समितियों का गठन 25 जुलाई तक हर हाल में किया जाना है। आगे चलकर इन्हीं प्रबंध समितियां के माध्यम से नि:शुल्क ड्रेस वितरण होना है। समिति के गठन को लेकर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी व खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी होंगे। इन्हीं की देखरेख में एसएमसी का गठन किया जाएगा। बताया गया कि 20 जुलाई को विकासखंड अमरिया व बरखेड़ा में, 21 को मरौरी व ललौरीखेड़ा, 22 को पूरनपुर व नगरक्षेत्र पीलभीत तथा 23 जुलाई को बीसलपुर व बिलसंडा में एसएमसी का गठन किया जाएगा। इस दौरान एडीएम अजयकांत सैनी ने कहा कि एसएमसी के गठन से पूर्व इसका प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए। ड्रेस वितरण को लेकर उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार ही विद्यालयों में नि:शुल्क यूनिफार्म का वितरण किया जाना है। इसमें लापरवाही मिलने पर सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। ड्रेस खरीद में एक लाख से नीचे तक कोटेशन के माध्यम से खरीद की जाएगी और एक लाख से अधिक की खरीद पर टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यह सारी प्रक्रिया चार सदस्यीय क्रय समिति के माध्यम से पूरी की जाएगी। वहीं एडेड स्कूलों में नि:शुल्क वितरण की जिम्मेदारी डीआईओएस की होगी। बीएसए जय प्रताप सिंह ने कहा कि एसएमसी के गठन से पूर्व गांव में इसका प्रचार-प्रसार किया जाना बेहद जरूरी है। बच्चों के माध्यम से इसकी सूचना हर घर तक जानी चाहिए। वहीं नि:शुल्क ड्रेस वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। कोताही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर यूएमवी के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, प्रभारी डीआईओएस श्यामा कुमार, बीईओ उमेश गौतम, मदनलाल वर्मा, डीएल राणा, पीएस राणा, लक्ष्मीनारायण आदि मौजूद रहे।
महाविद्यालय में पहले दिन 38 एडमिशन
बीसलपुर। राजकीय महाविद्यालय में पहली कट ऑफ मेरिट जारी होने के बाद स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई। महाविद्यालय में 13 जुलाई को कट आफ मेरिट जारी की गई थी। प्राचार्या डॉ. बीना पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को बीए प्रथम वर्ष में 25 व बीएससी में 13 एडमिशन हुए। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया 18 जुलाई तक जारी रहेगी।