घर के बाहर लगा स्मार्ट मीटर। संवाद
पीलीभीत। विरोध के चलते स्मार्ट लगाए जाने का काम धीमा पड़ गया है। विभागीय आंकड़ों की मानें, तो जिले में कुल 1.38 लाख उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जोड़ा जा चुका है, जबकि अभी दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जोड़ा जाना है। हालांकि नए उपभोक्ताओं के यहां पर अभी स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
जिले में करीब 3.50 लाख बिजली उपभोक्ता है। नौ अगस्त 2024 को पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जाने का निर्देश दिया गया। इसके बाद करीब 1.38 लाख उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जोड़ा गया। तेज चलने, ज्यादा बिल आने, बिजली आपूर्ति बंद होने आदि की समस्याओं को देखते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। इसके बाद स्मार्ट मीटर कोे लगाए जाने पर रोक लगा दी गई। वहीं, उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विभागीय अफसरों को निर्देश दिए गए। इसके बाद से जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का काम बेहद सुस्त गति हो रहा है। महज नए उपभोक्ताओं को ही स्मार्ट मीटर से जोड़ा जा रहा है। जबकि पुराने मीटर हटाए जाने का काम पूरी तरह से बंद ही पड़ा है। संवाद