न्यूरिया। थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव करीमगंज में रविवार सुबह नवविवाहिता का शव ससुराल के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज में डेढ़ लाख रुपये मांगने और मांग पूरी न होने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिथरा निवासी श्रीराम ने अपनी बेटी ज्योति की शादी करीमगंज निवासी राजकुमार के साथ करीब एक साल पहले की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुर तेजराम, जेठ धर्मेंद्र और किशनलाल, सास सीमा व जेठानी दहेज में डेढ़ लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर ज्योति को प्रताड़ित किया जाता था और मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था।
श्रीराम के मुताबिक, 17 अक्तूबर को भी ज्योति के साथ मारपीट की गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने 18 अक्तूबर की सुबह करीब आठ बजे अपने मौसेरे बहनोई को बेटी की ससुराल भेजा। वहां पहुंचने पर ज्योति का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर सीओ सदर नताशा गोयल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
सीओ सदर ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद