पीलीभीत टाइगर रिजर्व में कार सवारों ने जंगल मार्ग पर बाघ का रास्ता रोका। उसका वीडियो बनाया, जो वायरल हो गया। इसके बाद वन विभाग ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) प्रशासन ने जंगल मार्गों पर वन्यजीवों की सुरक्षा और वाहनों की निगरानी के लिए रात के समय पर्ची व्यवस्था लागू कर दी है। यह निर्णय हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो के बाद लिया गया, इसमें कार सवार लोग जंगल मार्ग पर बाघ का रास्ता घेरते दिखाई दिए थे।
विज्ञापन
नई व्यवस्था के तहत माधोटांडा-पीलीभीत और पूरनपुर-खटीमा जंगल मार्गों पर रात के समय बैरियरों पर गुजरने वाले वाहनों का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा। वाहन चालकों को एक पर्ची दी जाएगी, जिसे जंगल मार्ग पार करने के बाद दूसरे बैरियर पर जांचा जाएगा।
शनिवार से नई व्यवस्था लागू
इस नियम मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई आसान होगी। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था शनिवार से लागू कर दी गई है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि जंगल मार्गों पर वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वायरल वीडियो प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए महोफ रेंज के रेंजर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। पीटीआर प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।