मैजिक की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गये। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक मैजिक लेकर मौके से भाग निकला। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर ग्राम मोहम्मदगंज अमखिड़ियां तिराहे पर दो बाइकों की भिड़ंत में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए।
ग्राम प्रतापडाड़ी निवासी भगवतसरन बाइक से बिलसंडा जा रहा था। बाइक पर गांव के ही पूरनलाल व रोशनलाल सवार थे। ग्राम नरायनपुर तिराहे के पास सामने से आ रही मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे तीनों घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से पीएचसी लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर बिलसंडा के ग्राम तुरहा निवासी प्रमोद कुमार अपने पिता रामदास के साथ बाइक से ग्राम मोहम्मदगंज अमखिड़िया जा रहे थे। ग्राम मोहम्मदगंज अमखिड़िया तिराहे पर ग्राम रूरिया खुरिया निवासी अर्जुन वर्मा की बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। जिससे तीनों घायल हो गए।