न्यूरिया। आरोपी ने गांव उलकरी ढकिया निवासी पुुष्पेंद्र को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर छह लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने लंबे समय तक पीड़ित को टालमटोल कर परेशान किया। एसपी के निर्देश पर एपेक्स ओवरसीज के संचालक ग्राम बहरुआ निवासी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुष्पेंद्र कुमार ने एसपी के निर्देश पर न्यूरिया थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ग्राम बहरुआ निवासी मौसा नेमचंद्र वर्मा के परिचित गांव के ही गुरप्रीत सिंह ने विदेश में नौकरी दिलवाने का काम करने के लिए दो कार्यालय खोले थे। एक कार्यालय का नाम एपेक्स ओवरसीज व दूसरा शाहजहांपुर के खुटार में खोला था। गुरप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया में पक्की नौकरी दिलवाने के लिए जालसाजी कर तीन किस्तों में उससे 13 लाख रुपये नकद ले लिए। यह रकम उन्होंने मार्च 2024 में दी थी। कुछ समय बाद ऑस्ट्रेलिया का वीजा आ जाने की उसे जानकारी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने जमीन बेचकर आरोपी को रुपये दिए थे। इसके बाद आरोपी ने उसे दिल्ली भेजा और लगातार बहाने बनाता रहा। जब उसने रुपये वापस करने को कहा तो आरोपी ने इन्कार कर दिया।
आरोप है कि वर्ष 2024 में चले अभियान के डर के कारण आरोपी ने उसे अलग-अलग बार में सात लाख रुपये लौटाए। इसके बाद आरोपी ने छह लाख रुपये वापस करने से मना कर दिया। थाना प्रभारी सुभाष कुमार मावी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद