झगड़े के दौरान तमंचे से हवाई फायर होने की भी चर्चा, पुलिस ने किया इन्कार
बीसलपुर। नगर के एक बरातघर में बुधवार देर रात दो पक्षों में झगड़ा हो गया। पुलिस ने पूर्व ब्लाॅक प्रमुख समेत दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया। झगड़े के दौरान हवाई फायरिंग की भी चर्चा रही। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
नगर में पीलीभीत मार्ग स्थित एक बरातघर में बुधवार की रात एक वैवाहिक समारोह चल रहा था। दो पक्ष के लोगों में डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष के लोग डीजे पर पहले डांस करना चाहते थे। विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इससे बरातियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि झगड़े के दौरान एक पक्ष के युवक ने तमंचे से हवाई फायर भी किया, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। झगड़े की वजह से वैवाहिक कार्यक्रम रुक गए। कुछ बरातियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस के सवालों से बचने के लिए कई बराती बिना भोजन किए ही चुपचाप चले गए। पुलिस ने झगड़ने वाले दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी चारों गांव जोगीठेर निवासी पूर्व ब्लाॅक प्रमुख नीरज गंगवार, पुष्पेंद्र सिंह, कोतवाली क्षेत्र के गांव अमृता खास निवासी नरवेश कुमार और पीलीभीत के मोहल्ला नई बस्ती निवासी तरुण प्रताप का शांतिभंग में चालान किया है।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर उनका शांति भंग में चालान कर दिया गया है। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन चारों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया। एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने उन्हें भविष्य में न झगड़ने की हिदायत देते हुए रिहा कर दिया। संवाद