बुधवार दोपहर सपा कार्यालय के पास पसरा सन्नाटा संवाद
पीलीभीत। सपा कार्यालय खाली कराने को लेकर चल रही कवायद के बीच बुधवार को एक ओर कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं दूसरी ओर जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने अन्य पदाधिकारियों के साथ लखनऊ पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी दी। पूर्व मुख्यमंत्री ने मामले में जल्द ही ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।
शहर के नकटादाना चौराहा पर नगर पालिका के ईओ के आवास में वर्षों से संचालित सपा कार्यालय को खाली करने की एक माह पूर्व से कवायद तेज हुई थी। इसको लेकर पालिका की ओर से नोटिस जारी करने की बात कही थी। छह जून को अंतिम नोटिस जारी कर 10 जून को कार्यालय खाली करने की बात कही गई। मंगलवार को पुलिस फोर्स के साथ अफसर पहुंचे।
तीन घंटे तक जद्दोजहद के बाद छह दिन का समय देने पर सहमति बनी। इधर बुधवार को कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा अन्य पदाधिकारियों के साथ लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी दी गई। सत्ता के दबाव में असंवैधानिक तरीके से कार्यालय खाली कराने में प्रशासनिक अफसराें की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया है।
उन्होंने मामले को गंभीरता से लेकर जल्द ही ठोस कदम उठाने की बात कही है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूरे प्रकरण और अफसरों की कार्यप्रणाली को लेकर सदन में भी मुद्दा उठाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कार्यालय को खाली करने के मामले में पार्टी नेतृत्व और कोर्ट की प्रक्रिया के अनुसार अमल किया जाएगा। इस दौरान नफीस अंसारी, नरेंद्र मिश्र कट्टर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
बुधवार दोपहर सपा कार्यालय के पास पसरा सन्नाटा संवाद