चूका बीच पर तैयार किए जा रहे हट। संवाद
- फोटो : 1
पीलीभीत। मानसून के बाद जंगल की पगडंडियों पर फिर पर्यटकों की चहलकदमी शुरू होने वाली है। नए पर्यटन सत्र को लेकर पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहने वाले चूका बीच पर हटों की मरम्मत, रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम शुरू हो गया है। शुक्रवार को एफडी पीपी सिंह ने चूका पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हटों समेत पर्यटन से जुड़े अन्य कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। पीटीआर में आगामी पर्यटन सत्र एक नवंबर से शुरू होना है। इसे लेकर चूका बीच के साथ अन्य पर्यटन स्थलों और सफारी मार्गों को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
चूका में वाटर हट और अरण्य कुटीर की मरम्मत एवं रंग-रोगन का काम पीटीआर प्रशासन करा रहा है। वहीं थारू हट और ट्री टॉप हट को नया रूप देने की जिम्मेदारी वन निगम संभाल रहा है। हटों को आकर्षक बनाने के साथ पर्यटकों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। संवाद