किसान ट्रेडर्स पर जांच करती एसआईबी टीम संवाद
पीलीभीत। पेस्टीसाइड के व्यापार में हो रही कर चोरी का मामला सामने आने पर बरेली की जीएसटी एसआईबी (विशेष जांच शाखा) टीम ने बुधवार की देर शाम शहर में अनाज मंडी के समीप किसान ट्रेडर्स पर छापा मारा। प्रतिष्ठान के तीन गोदामों पर जाकर स्टॉक और अन्य दस्तावेज खंगाले। एसआईबी टीम जांच में जुटी रही। करीब 36 लाख रुपये कर में हेराफेरी की गड़बड़ी पाई गई।
उपायुक्त अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसआईबी टीम शाम करीब छह बजे मंडी के समीप मीनू वर्मा के किसान ट्रेडर्स प्रतिष्ठान पर पहुंची। टीम सीधे दुकान में अंदर गई और दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए। टीम ने दुकान पर पिछले पांच साल में करीब 83 करोड़ रुपये की बिक्री के दस्तावेज खंगाले। इतनी बिक्री पर करीब नौ करोड़ रुपये का आईटीसी मिला। करीब एक प्रतिशत धनराशि में हेरफेर पाया गया। यह धनराशि करीब 36 लाख रुपये हुई है। इसके अलावा अन्य रिकार्ड भी खंगाले गए हैं। उपायुक्त अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि एक प्रतिशत धनराशि में हेरफेर मिली है। इसकी जांच चल रही है। उधर, एसआईबी टीम की छापेमारी की सूचना से व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें भी बंद कर दीं। किसान ट्रेडर्स के बाहर भी कई व्यापारी जानकारी जुटाते रहे। रात नौ बजे तक टीम की जांच चलती रही। संवाद