थानों में गिने-चुने फरियादी ही पहुंचे, नहीं हो सकी सुनवाई
एसपी ने सुनगढ़ी, जहानाबाद थाने में चेक किए अभिलेख
थानों में शासन के निर्देश पर आयोजित समाधान दिवस पर लेखपालों की हड़ताल का खासा असर दिखाई दिया। फरियादियों की जमीन संबंधी शिकायतों का लेखपालों के न होने से निस्तारण नहीं हो सका। एसपी मुनिराज ने सुनगढ़ी और जहानाबाद पहुंचकर समाधान दिवस पर पुलिस की मुस्तैदी चेक की।
शनिवार सुबह दस बजे से जिले के सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर कोतवाल हरगोविंद सिंह, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी योगेंद्र पाल शर्मा थाने में फरियादियों का इंतजार करते रहे। सुनगढ़ी में मात्र एक शिकायत पहुंची, वहीं कोतवाली में खाता भी नहीं खुल सका। अन्य थानों में भी नाममात्र को ही फरियादी पहुंचे। लेखपालों के हड़ताल पर रहने के कारण लोगों की जमीन संबंधी शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका। एसपी मुनिराज ने बताया कि लेखपालों की हड़ताल के चलते जमीन संबंधी विवादों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में जब तक लेखपाल हड़ताल पर है। उनके स्थान पर कानूनगो को समाधान दिवस में बुलाया जाएगा।