500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद से चल रहा नकदी का संकट कम नहीं हो सका है। एक महीना पूरा होने को है, लेकिन लोगों को राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही। सोमवार को भी पूरे दिन लोग नकदी पाने को जूझते रहे। कैश न होने के कारण बैंकों से बैरंग लौटना पड़ा। एटीएम भी खाली रहे। भिकारीपुर में गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
रविवार को साप्ताहिक बंदी के चलते लोगों को रुपये की किल्लत का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उम्मीद थी कि सोमवार को हालात सामान्य हो जाएंगे। अफसोस ऐसा नहीं हो सका। सुबह से ही लोग बैंकों के बाहर कतार में लग गए। भिकारीपुर में नोटबंदी के संकट से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। बैंक अफसरों पर मिलीभगत कर बड़े व्यापारियों को रुपया देने का आरोप लगाकर विरोध जताया। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। बैंक अफसरों व पब्लिक से बातचीत की। इसके बाद नकदी न होने के कारण भुगतान न किए जाने की बात कह बमुश्किल शांत कराया। शहर में भी काफी सन्नाटा दिखाई दिया। स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई, आईडीबीआई आदि बैंकों के बाहर भी सन्नाटा रहा। ज्यादातर एटीएम बंद रहे। नकदी न होने के चलते वहां पर भी लोगों को निराशा हाथ लगी।
दो दिन बाद शादी, बैंक ने दिए चार हजार
बरखेड़ा। शादी वाले घरों को ढाई लाख तक का पेमेंट के आदेश हैं, लेकिन कैश की कमी के चलते ऐसे परिवारों को भी परेशान होना पड़ रहा है। कस्बे के वार्ड नंबर तीन के रहने वाले राम बहादुर के बेटे अजय की सात दिसंबर को शादी होनी है। इसको लेकर तमाम तैयारियां अंतिम दौर में है। सोमवार को पिता-पुत्र कस्बे की बीओबी बैंक से चालीस हजार रुपये निकालने गए थे। बैंक से उनको सिर्फ चार हजार रुपये की रकम मिल सकी है। इससे वह खासे परेशान हैं।
डाकघरों को नहीं मिल पा रहा पैसा
बैंक से ही डाकघरों को रुपया पहुंचाया जाता है। ऐसे में कैश की किल्लत को लेकर डाकघरों में भी स्थिति गंभीर होती जा रही है। बैंकों से कैश डाकघरों को नहीं मिल पा रहा है। इससे डाकघर से लोग बहसबाजी करने के बाद लौट रहे है। इधर डाकघर के कर्मचारियों का आरोप है कि बैंक उनको पैसा नहीं दे रही। पहले अपने उपभोक्ताओं को कैश मुहैया कराने की बात कहकर तीन दिन से रकम नहीं दी गई। डाकघर में भी कैश को लेकर काम पर असर पड़ रहा है।
बैंककर्मी पर लगाया धमकाने का आरोप
जहानाबाद क्षेत्र के ऐमी गांव के निवासी राजन सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह ने डीएम से की शिकायत में बताया कि उसका खाता गांव की पंजाब एंड सिंध शाखा में है। तीन दिसंबर को वह चेक के माध्यम से रुपये निकालने को बैंक गए थे। आरोप है कि बैंक के एक कर्मचारी ने आए दिन रुपये निकालने आ जाने की बात कहकर कैश देने से इंकार कर दिया। इसका कारण पूछने पर आरोप है कि अभद्रता कर भगा दिया। पीड़ित ने बैंक अफसर व गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर ग्राम गोंछ के निवासी राजेंद्र कुमार ने भी बैंक कर्मियों पर अभद्र व्यवहार करने की शिकायत डीएम से की है।