श्रावण मास का आज पहला सोमवार है। जिले के शिव मंदिरों में रविवार देर शाम तक सजावट के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाएं होती देखी गई। शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने को कांवडिय़ों के आने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। पुलिस व प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर के ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
भगवान शिव का आदि और अनादि माना गया है। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व होता है। शिवभक्त भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर मनोतियां मानते हैं। सावन में सोमवार का विशेष महत्व होता है। आज सावन का पहला सोमवार है। इसको लेकर पूजा अर्चना की तैयारियां पूरी कर ली है। शहर के ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर, अद्र्धनारीश्वर व दूधिया मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भव्य सजावट की गई है। जलाभिषेक कार्यक्रमों को लेकर मंदिरों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पहले सोमवार को शिव मंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ जुटने की संभावना पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिरों के आसपास पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त भी रहेगी। वहीं नगर पालिका प्रशासन द्वारा शिव मंदिरों के आसपास व मंदिर जाने वाले मार्गों की साफ सफाई की जा रही है।
000
कांवडिय़ों समेत शिवभक्त करेंगे जलाभिषेक
शहर के शिव मंदिरों में रविवार को शहर के गए 90 बाइक सवार कांवडिय़ों का जत्था सोमवार को सिद्धेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करेगा। वहीं गौरीशंकर मंदिर में भी तमाम कांवड़िए जलाभिषेक करेंगे।
000
कांवरथी सेवा दल करेगा भंडारे का आयोजन
कांवरथी सेवा दल सावन माह के प्रत्येक सोमवार को खमरिया पुल पर कांवडिय़ों के लिए सुबह सात बजे से भंडारे का आयोजन करेगा। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं मंडी समिति परिसर में भी हरिद्वार व कछला से जल लेकर आने वाले कांवडिय़ों के लिए ठहरने व भंडारे आदि की व्यवस्था की गई है। यहां रविवार देर शाम तक कांवडिय़ों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
000
गौरीशंकर मंदिर रहेगा सीसी कैमरे की जद में
सावन में जलाभिषेक करने को बड़ी तादाद में शिवभक्त कांवर लेकर ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर पहुंचते हैं। गत वर्ष की भांति इस बार प्रशासन सुरक्षा को लेकर काफी अलर्ट है। डीएम मासूम अली सरवर ने पूर्व में ही गौरीशंकर मंदिर समेत कांवर लेकर शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों का निरीक्षण कर मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के बाद मंदिर परिसर में सीसी कैमरे लगाए गए हैं।
000
बीसलपुर। सावन के प्रथम सोमवार के चलते नगर के गुलेश्वरनाथ मंदिर में रविवार देरशाम तक तैयारियां होती रहीं। इसके अलावा नगर के अन्य शिव मंदिरों में भी भव्य सजावट के साथ व्यापक इंतजाम किए गए हैं।