आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को तमाम शिक्षामित्र ब्लाक संसाधन केंद्र मरौरी में एकत्र हुए। यहां शिक्षामित्रों ने द्वितीय चरण के शिक्षामित्रों का समायोजन न होने के विरोध में धरना दिया। धरने के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल वर्मा ने कहा कि जब तक एक-एक शिक्षामित्र सहायक अध्यापक पद पर समायोजित नहीं हो जाता, तब तक संगठन संघर्ष करता रहेगा।
कहा कि करीब 92 हजार शिक्षामित्रों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, लेकिन माह बीतने के बाद भी समायोजन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। तय हुआ कि यदि प्रदेश सरकार ने शीघ्र समायोजन प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी नहीं किया तो शिक्षामित्र सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सहायक मंडलीय शिक्षा निदेशक शशि देवी शर्मा को सौंपकर शीघ्र समायोजन कार्यक्रम जारी कराने की मांग की।
धरना देने वालों में जिला महामंत्री शैलेंद्र गंगवार, सुरेश राठौर, जगदीश गंगवार, त्रिलोकीनाथ, रामवीर माथुर, संजीव कुशवाहा, अजयपाल शर्मा, सपना, जयप्रकाश, रीता सरकार आदि शामिल रहे।