पंचायत चुनाव के चौथे चरण में नौ नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर शनिवार को नामांकन प्रकिया पूरी कर ली गई। पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन नामांकन कराने वालों की संख्या कम रही। कुछ काउंटरों पर तो इक्का दुक्का लोग नामांकन कराने को खड़े देखे गए, लेकिन तीन काउंटरों पर निर्धारित समय से कुछ पहले तक लोगों की लाइन लगी रही।
दूसरे दिन शनिवार को नामांकन कराने वाले सुबह साढ़े छह बजे ही ब्लाक कार्यालय पहुंचना शुरू हो गए। निर्धारित समय आठ बजे नामांकन शुरू हुआ। नामांकन को पहले दिन की तरह 23 काउंटर लगाए गए। पहले दिन प्रधान पद के लिए नामांकन कराने वालों की संख्या अधिक रही, लेकिन शनिवार को ग्राम पंचायत सदस्य का नामांकन कराने वालों की संख्या अधिक रही। अपरान्ह तीन काउंटरों को छोड़कर करीु सभी काउंटरों पर सन्नाटा पसर गया। हालांकि एक-एक कर नामांकन कराने को पहुंचने का क्रम जारी रहा। पीडी आरबी भास्कर पूरे समय स्टाफ के साथ मौजूद रहे। माह के चौथे शनिवार को लेकर बैंक शाखा बंद होने के चलते दूसरे दिन भी जमानत धनराशि जमा करने को ब्लाक में चार काउंटर खोले गए।
पहले दिन रात साढ़े नौ बजे तक हुए नामांकन
पूरनपुर। शुक्रवार को नामांकन कराने वालों की खासी भीड़ को लेकर रात 9.30 बजे तक नामांकन कराने वालों की खासी भीड़ लगी रही। पहले दिन शुरू में नामांकन जमा करते समय कमियों को देखकर प्रत्याशियों को पूरा करने की सलाह दी गई लेकिन आखिर में काम समाप्त करने को प्रत्याशियों के नामांकन जमा कर उनको रसीद दी गर्ई। तब कहीं नामांकन कार्य रात साढ़े नौ बजे समाप्त हो पाया। इंटरनेट पर फीङ्क्षडग कराकर अफसर रात करीब साढ़े दस बजे ब्लाक से घरों को रवाना हो सके। आरओ पीके भटनागर ने बताया कि पहले दिन प्रधान पद के 2570 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 1574 नामांकन जमा किए गए।
नामांकन पत्र छोड़कर भागे तीन प्रत्याशी
शुक्रवार की शाम को नामांकन जमा करने वालों की भारी भीड़ पर कई बार अनावश्यक लोगों को एनाउंस कर बाहर जाने की हिदायत दी गई। इस पर भी जब भीड़ कम नहीं हुई, तब पुलिस ने चेकिंग शुरू की। चेकिंग शुरू होते ही अनाधिकृत लोगों में बाहर भागने को भगदड़ मच गई। भगदड़ में प्रधान पद के तीन प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र छोड़कर भाग गए। पीडी आरबी भास्कर ने बताया कि परिसर में मिले तीनों नामांकन संबंधित काउंटरों पर जमा करा दिए गए। शनिवार को पहुंचे तीनों प्रत्याशियों को नामांकन पत्र जमा की रसीद दे दी गई।
एक ही क्रमांक पर दो प्रत्याशियों के नाम पर असमंजस
पूरनपुर। नए वोट बढ़कर आई मतदाता सूचियों में कमियों की बजह से लोग परेशान रहे। पूरनपुर देहात की मतदाता सूची में क्रमांक 25295 पर मोहम्मद बिलाल और इसी क्रमांक पर जहीर की पत्नी सवीना का नाम है। दोनों ही ग्राम पंचायत सदस्य के प्रत्याशी भी है। एक ही क्रमांक नंबर पर दोनों प्रत्याशियों के नाम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। वजह नामांकन पत्रों की जांच में किस प्रत्याशी को सही माना जाएगा, इसको लेकर दोनों प्रत्याशी असमंजस की स्थिति में रहे। सह एडीओ अरविंद वर्मा ने बताया कि मतदाता सूची को सही कराने को जिला मुख्यायल भेजा गया है। जांच से पहले संशोधित सूची आ जाएगी।
चुनाव लड़ने के धरे रह गए अरमान
ग्राम पंचायत हरीपुर फुलहर के एक बार्ड से सदस्य पद का चुनाव लडने को नत्थू लाल की पुत्री किरन ने चुनाव लडने के सपने सजोए थे। वे अपना नामांकन कराने शनिवार को ब्लाक कार्यालय पहुंची थीं। संबंधित काउंटर के एआरओ ने उम्र कम होने पर नामांकन पत्र जमा करने से इनकार कर दिया। इसकी शिकायत किरन ने आरओ और पीडी से की। किरन का कहना था कि उसका मतदाता सूची मेें नाम है। उसने नामांकन की सारी औपचारिकताएं पूरी की है, लेकिन उसका नामांकन जमा नहीं किया जा रहा है। अफसरों ने नामांकन देखकर उसकी उम्र कम होने की जानकारी दी। अफसरों ने उसे बताया कि वोटर होना अलग है, लेकिन चुनाव लडने को निर्धारित आयु 21 साल है। अफसरों ने उसे नामांकन जमा कराने का आश्वासन दिया, लेकिन बताया कि जांच में उसका नामांकन खारिज हो जाएगा। इस पर किरन ने अपना नामांकन दाखिल करने से इनकार कर दिया।
आरक्षण के अंतर पर परेशान रहे प्रत्याशी
पूरनपुर। पंचायत चुनाव के लिए प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य का आरक्षण तय किया गया था। नेट और विकास विभाग की जारी सूची में गांव पड़रिया, सिमरा और सिमराया में आरक्षण को लेकर लोग भ्रम की स्थिति मेें रहे। इंटरनेट की सूची पर ग्राम पंचायत पड़रिया का आरक्षण पिछड़ी, सिमरा का आरक्षण सामान्य और सिमराया को एससी आरक्षण की श्रेणी में रखा गया। जबकि विकास विभाग की सूची में क्रमश: एससी, एससी और सामान्य दर्शाया गया। भ्रम की स्थिति पर लोगों के जानकारी पर पीडी ने इंटरनेट पर गलत फीडिंग की जानकारी देते हुए सूची के आरक्षण को सही बताया।
आज फिर प्रत्याशियों का ब्लाक में होगा जमाबाड़ा
रविवार और सोमवार को ब्लाक कार्यालय परिसर मेें नामांकन पत्रों की जंाच होगी। नामांकन जमा करते समय प्रत्याशियों को स्लिप पर जांच की तिथि अंकित की गई है। शुक्रवार को नामांकन में भारी भीड़ पर अधिकांश प्रत्याशियों को जांच को रविवार का दिन दिया गया। इससे ब्लाक कार्यालय में रविवार को भी प्रत्याशियों की भारी भीड़ लगने की उम्मीद है।
पूरनपुर में नामांकन पत्रों की जांच आज
पूरनपुर। आरओ पीके भटनागर ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब रविवार और सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। एक दिसंबर को नाम वापसी और उसके बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। नौ दिसंबर को मतदान, बारह को मतगणना होगा। मतगणना पास अभिकर्ताओं को 11 दिसंबर को ब्लाक कार्यालय से जारी किए जाएंगे।
नगरिया से चंपा रानी का निर्विरोध प्रधान होना तय
पूरनपुर। पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत नगरिया से परितोष की पत्नी चंपारानी का निर्विरोध प्रधान चुना जाना अभी से तय माना जा रहा है। वजह नगरिया से महिला सीट के लिए नामांकन में एक ही नामांकन पत्र दाखिल किया गया है। अब जांच में नामांकन सही मिलना जरुरी है। यह जानकारी अपर जिला सहकारी अधिकारी हरेंद्र सिंह पांगती ने दी।