शारदा सागर डैम
के अंदर के क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए विभाग
द्वारा भेजे गए 6.06 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है।
बरसात से पहले मरम्मत कार्य होने की उम्मीद की जा रही है।
22 किमी लंबे
शारदा सागर डैम में अंदर के हिस्से में लगी पिचिंग पानी की लहरों में उखड़
गई थी। इस पर विभाग ने शासन को इसकी मरम्मत का प्रस्ताव भेजा था। कई माह
तक प्रस्ताव मंजूर न होने पर सिंचाई विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्सों में
सीमेंट के कट्टों में आरबीएम भरकर लगा दी थी ताकि डैम में क्षमता के अनुरूप
पानी भरा जा सके।
क्षतिग्रस्त हिस्से में कट्टे लगने के बाद इसमें कुछ
पानी भर गया। डैम की सही मरम्मत न होने और क्षमता के अनुरूप पानी न भरे
होने से आने वाले समय में हरदोई ब्रांच को सिंचाई के लिए पानी मिलने में
दिक्कत हो सकती है और इससे जिले के अलावा शाहजहांपुर, हरदोई से लेकर
रायबरेली तक के किसान प्रभावित हो सकते थे।
अभियंताओं की लिखा पढ़ी के बाद
अब शासन ने शारदा सागर डैम की मरम्मत को भेजे गए 6.06 करोड़ के प्रस्ताव को
स्वीकार कर लिया है। शारदा सागर खंड बाइफरकेशन के सहायक अभियंता आरके
शर्मा ने बताया कि मरम्मत का प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। धनराशि मिलते ही
काम शुरू कराया जाएगा।