पूरनपुर। बनबसा बैराज से लगातार पानी पास होने से शारदा नदी किनारे रहने वाले ग्रामीण बाढ़ की आशंका से परेशान हैं। हालांकि अभी नदी का जलस्तर कम होने से गांव राहुलनगर में निचले स्थानों पर जलभराव से राहत मिल गई है।
शारदा नदी में तीन दिन पहले जलस्तर बढ़ने से गांव राहुलनगर के निचले स्थानों पर जलभराव हो गया था। राहुलनगर के लोग दो दिन तक घरों में जलभराव होने से खासे परेशान रहे। बृहस्पतिवार सुबह नदी का जलस्तर कुछ कम होने से घरों में भरा पानी नदी में चला गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। बृहस्पतिवार को बनबसा बैराज से नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी पास होने की जानकारी मिली। इस पर नदी किनारे रहने वाले गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से दहशत में आ गए हैं। नदी का जलस्तर कम होने और बढ़ने से कब हालात खराब हो जाएं, इसे लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ है। मगर, बृहस्पतिवार को फिर बनबसा बैराज से नदी में पानी पास होने की सूचना मिली है। नदी में बनबसा बैराज से टुकड़ों में पानी पास किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति न बने।