संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में मंगलवार को हॉकी एसोसिएशन पीलीभीत के तत्वावधान में एक दिवसीय मंडल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। रोमांचक फाइनल मुकाबले में शाहजहांपुर की टीम ने पीलीभीत ए को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच में पीलीभीत ए ने बरेली को 5-0 से हराया, जबकि शाहजहांपुर ने पीलीभीत बी को 9-0 से शिकस्त दी। फाइनल में पहले क्वार्टर में शाहजहांपुर ने गोल किया। दूसरे क्वार्टर में पीलीभीत ने बराबरी कर ली, लेकिन अंतिम क्वार्टर में शाहजहांपुर ने निर्णायक गोल कर खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता में सात गोल करने वाली शाहजहांपुर की सिद्धि को विशेष पुरस्कार दिया गया।
आयोजन में जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्रु, सचिव मनोज गंगवार, कोषाध्यक्ष एवं हॉकी पीलीभीत के संरक्षक डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष डॉ. अनुरीता सक्सेना, सचिव मोनिका अग्रवाल, नरेंद्र सिंह सरीन, सुरेश कौशल, हॉकी पीलीभीत के अध्यक्ष प्रदीप खींची, संयोजक दीपक सरकार, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, सचिव जयप्रकाश बघेल और जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, हॉकी प्रशिक्षक प्रगति मौजूद रहे। समापन पर प्रभागीय वनाधिकारी पीलीभीत टाइगर रिजर्व मनीष सिंह, अनुराग श्रीवास्तव और अन्य अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। संचालन मसूद हसन खान ने किया। निर्णायक की भूमिका मुशीर अहमद, शाहिद खान, नवनीत गंगवार, राजेश आजाद और आदित्य गंगवार ने निभाई। अंत में दीपक सरकार और जयप्रकाश बघेल ने आभार जताया।