पीलीभीत। आरोपियों ने विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक को सात लाख रुपये लेकर जार्जिया भेज दिया। टूरिस्ट वीजा होने की वजह से युवक को वहां से लौटा दिया गया। घर आने पर उसने आरोपियोंं से संपर्क कर रुपये मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। कोर्ट के आदेश पर गजरौला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
बरखेडा क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर पट्टी निवासी मुमताज अली ने कोर्ट के आदेश से गजरौला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पांच मई 2024 को उसकी मुलाकात गजरौला के सकरिया निवासी हरप्रीत सिंह और सोनू से हुई। दोनों ने उसे काम करने के लिए जार्जिया भेजने की बात कही। इसके लिए सात लाख रुपये का खर्च बताया। 25 मई को उसने आरोपियों के घर जाकर तीन लाख रुपये दे दिए। इसकी वीडियो भी बनाई गई। इसके बाद अक्तूबर 2024 तक अलग-अलग कई बार में 4.50 लाख रुपये दिए। 21 नवंबर को उसे वीजा और एक टिकट दिया। इसके बाद वह जयपुर से शारजाह होकर जार्जिया पहुंच गया। आरोप है कि जार्जिया पहुंचने पर उसे वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा होने की जानकारी दी गई और वापस भेज दिया गया। घर आने के बाद उसने आरोपियों से संपर्क कर रुपये मांगे। आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने पूरनपुर में दशमेश नाम से कार्यालय खोल रखा है। पीड़ित का कहना है कि उसने जमीन बेचकर रुपये दिए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।