कस्बे में अजगर सांप को रेस्क्यू करता
मझोला। लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह कस्बे की मार्केट में उस समय हलचल रही, जब डॉक्टर की दुकान के समीप करीब सात फुट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
मझोला कस्बे में मार्ग किनारे स्थित क्लीनिक पर रविवार सुबह पहुंचे डॉक्टर ने दुकान के पास अजगर को देखा। उन्होंने तत्काल वन्यजीव प्रभारी सोनी सिंह को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग के टाइगर ट्रेकर राजीव डाली और प्रमोद कुमार मौके पर पहुंच गए। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वन विभाग की टीम अजगर को रेस्क्यू करने के बाद देवहा नदी के समीप जंगल क्षेत्र में ले गई, जहां उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। अजगर के रेस्क्यू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद