संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। गांव लोधीपुर में तालाब किनारे और गांव भगवंतपुर कुल्हागाढ़ा के समीप खेतों में गोवंश की हत्या कर अवशेष फेंकने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
बुधवार को गांव लोधीपुर के समीप एक तालाब किनारे गोवंश के अवशेष मिलने पर पहुंचे हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। सूचना पर टीम के साथ पहुंचे कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने पशु चिकित्सक को बुलवाकर अवशेष का सैंपल कराने के बाद उसे दफन करा दिया था।
पुलिस ने दरोगा प्रवीन कुमार की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इसके अलावा गांव भगवंतपुर कुल्हागाड़ा के समीप खेतों में भी 17 फरवरी को गोवंश के अवशेष मिले थे, इसपर भी हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर हंगामा किया।
रविवार को पुलिस ने गांव जादौपुर गहलुइया निवासी मोइन, हासिम, बुंदन, आरिफ और गांव शेरपुरकलां निवासी अनीस, नगर के मोहल्ला साहूकारा लाइनपार कुरैशियान निवासी शाहिद, महबूब को गिरफ्तार कर उनके पास से तराजू, छुरी, कुल्हाड़ी आदि सामान बरामद किया।
कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार सातों आरोपियों का चालान कर दिया गया।
बताया कि गांव लोधीपुर के समीप तालाब किनारे और गांव भगवंतपुर कुल्हागाढ़ा के समीप आरोपियों ने ही गोवंश की हत्या कर अवशेष फेंके थे।