पूरनपुर। पुलिस ने आइलेट संचालकों के साथी पुवायां के समुलिया निवासी विजय व माधोटांडा के गांव संडई निवासी ज्ञानी गुरसरन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने फर्जी शैक्षिक अभिलेख, वीजा और विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोपी आइलेट संचालकों और एचडीएफसी के पूर्व कर्मचारी हरजिंदर सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया था। रविवार को पुलिस ने जुपीटर आइलेट सेंटर के संचालक घुंघचाई थाना के गांव डूडा निवासी मलकीत सिंह और कुलवंत सिंह के साथी शाहजहांपुर जिले के पुवायां के गांव समुलिया निवासी विजय को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
विजय, मलकीत और कुलवंत को फर्जी मार्कशीट और अन्य अभिलेख उपलब्ध कराता था। इसके अलावा गांव मुझा निवासी किसान नेता बलजिंदर सिंह के भतीजे हरप्रीत सिंह से 53 लाख रुपये ठगने के आरोपी माधोटांडा के गांव संडई निवासी ज्ञानी गुरसरन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बलजिंदर सिंह ने माधोटांडा थाना के गांव भैरो निवासी परमवीर सिंह, गांव जराकोठी निवासी हरप्रीत सिंह औजला, अनिमेश सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी कर विदेश भेजने के नाम पर 53 लाख रुपये खुर्दबुर्द करने, गाली-गलौज कर धमकाने की रिपोर्ट 14 जुलाई को पूरनपुर कोतवाली में दर्ज कराई थी।
एसएसआई ललित चौधरी ने बताया कि विवेचना में सात आरोपी प्रकाश में आए। परमवीर और हरप्रीत जमानत पर हैं। डॉ. रजविंदर सिंह को हाल में गिरफ्तार कर चालान किया गया था। रविवार को ज्ञानी गुरसरन को गिरफ्तार कर चालान किया गया है।