पीलीभीत में जनगणना-2027 के तहत स्वगणना अभियान सोमवार से शुरू हो गया। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक करने की पहल की गई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जनगणना की स्वगणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी देगा।
विज्ञापन
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक परिवार और नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्वगणना के माध्यम से लोग घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। उन्होंने लोगों से निर्धारित अवधि में स्वगणना पूरी करने की अपील की। स्वगणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर परिवार से संबंधित जानकारी भरनी होगी।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक स्वगणना आईडी जारी होगी। परिवार को यह आईडी बाद में घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके। जिला प्रशासन की ओर से लोगों से जनगणना में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई है।