बरखेड़ा। थाना क्षेत्र में बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर भोपतपुर और प्रताप डंडी के बीच शनिवार सुबह सड़क किनारे खाई में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मसीत गांव निवासी 27 वर्षीय राजवीर के रूप में हुई। वह जहानाबाद पुल पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। शव के पास ही उनकी बाइक भी खाई में पड़ी मिली। परिजन ने हत्या कर शव खाई में फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की संभावना जताई है। पुलिस ने फील्ड यूनिट से घटनास्थल की जांच कराने के बाद शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
मसीत गांव निवासी शांति स्वरूप के बेटे राजवीर जहानाबाद पुल पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात थे। उनके पिता भी इसी पुल पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं। परिजनों के अनुसार, राजवीर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद बरखेड़ा बाजार से सामान खरीदने की बात कहकर घर से निकले थे। चर्चा है कि वह दौलतपुर निवासी कमल के साथ थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस भी उनकी तलाश में जुट गई। शनिवार सुबह करीब छह बजे पिता शांति स्वरूप तलाश करते हुए भोपतपुर ईंट भट्ठे के आगे पहुंचे तो सड़क किनारे खाई में राजवीर का शव पड़ा मिला। पास में ही उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। घटनास्थल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
चार साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक, राजवीर की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी पिछले तीन साल से अधिक समय से मायके में रह रही हैं। वह दो भाइयों में बड़े थे। छोटा भाई जितेंद्र घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। पिता शांति स्वरूप और ताऊ गणेश प्रसाद ने राजवीर की हत्या कर शव खाई में फेंके जाने की आशंका जताई है।
वर्जन
प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मामला लग रहा है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। - राहुल पांडेय, सीओ बीसलपुर