बीसलपुर के चीनी मिल विद्यालय में बच्चो ने लगाया तंबू।संवाद
बीसलपुर। किसान सहकारी चीनी मिल के बाल विद्या भवन विद्यालय में भारत स्काउट गाइड की ओर से आयोजित तीन दिवसीय शिविर का बुधवार को समापन हो गया। शिविर में अंतिम दिन स्काउट-गाइड ने तंबू बनाए।
स्काउट-गाइड शिविर का शुभारंभ 25 नवंबर को हुआ था। प्रशिक्षक निर्भय गुप्ता ने पहले स्काउट-गाइड को इतिहास, प्रार्थना, स्काउट-गाइड की ताली, झंडा गीत, नियम, प्रतिज्ञा और राष्ट्रीय ध्वज की जानकारी दी। दूसरे दिन बायां हाथ मिलाने, सेल्यूट, चिह्न, टोली विधि, गांठें बंधन, साहसिक क्रियाकलाप और संस्था की जानकारी दी। शिविर के अंतिम दिन स्काउट-गाइड ने तंबू बनाने के साथ स्वादिष्ट भोजन पकाए।
विद्यालय प्रबंधक बृजेन्द्र सिंह ने बच्चों के बनाए गए तंबू का निरीक्षण किया। उनके आशीर्वचनों के साथ शिविर के समापन की घोषणा की गई। चीनी मिल के श्रमिक नेता श्याम बहादुर शर्मा ने बच्चों को स्काउट गाइड की उपयोगिता के बारे में समझाया।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य निशिकांत त्रिपाठी, पूर्व प्रधानाचार्य सर्वेश चंद्र शर्मा, मुकेश कुमार, दीपक भारती, राकेश, राखी तिवारी अशोक शास्त्री एवं आसमा बी मौजूद रहे।