घरवालों के किसी बात को लेकर डांटने पर बरखेड़ा की एक युवती ने जान देने की कोशिश की। वह घर से निकलकर बीसलपुर रोड पर जंगरौली पुल के पास बाग में पहुंच गई। वहां पीपल के पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। युवती को फंदे पर लटका देख राहगीरों ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। सूचना पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने घरवालों को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द कर मामला रफा-दफा कर दिया।
बरखेड़ा क्षेत्र के इग्घरा गांव की 25 वर्षीय युवती का शुक्रवार सुबह पांच सौ रुपये को लेकर घरवालों से विवाद हो गया था। पिता ने बिना पूछे रुपये लेने पर युवती को डांट दिया। पिता की डांट से आहत युवती घर से निकलकर बाग में पहुंच गई और पेड़ से रस्सी बांधकर फांसी पर लटक गई। राहगीरों ने उसे फंदे पर लटके देखा तो तुरंत रस्सी खोलकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। मौके पर जमा लोगों ने युवती से नाम पता पूछा तो उसने बताने से मना कर दिया। सूचना पर आसाम चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती से जानकारी कर घरवालों को मौके पर बुला लिया। बरखेड़ा पुलिस भी सूचना मिलने पर आ गई। आसाम चौकी प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि युवती को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।