फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाएं हावी

Tue, 30 Jan 2018 06:54 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,पीलीभीत
विज्ञापन
यूपी बोर्ड - फोटो : SOCIAL MEDIA
विज्ञापन
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जिले के 64 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 51,305 परीक्षार्थी बैठेंगे। इस बार परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है। शासन ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के बाद सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए थे, लेकिन जिले के कुछ परीक्षा केंद्रों पर अब भी व्यवस्था आधी अधूरी ही हैं। कहीं परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लग सके तो कहीं परीक्षा कक्षों पर कबाड़ भरा हुआ है। ऐसे में शासन की नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने की मंशा कैसे पूरी होगी, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। अमर उजाला ने मंगलवार को जिले के कुछ परीक्षा केंद्रों का जायजा तो यह तस्वीर नजर आई। 
विज्ञापन


अभी टाइम है, व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी
माधोटांडा रोड स्थित एसडीबीआर सर्वोदय इंटर कॉलेज कल्यानपुर परीक्षा केंद्र पर 1140 परीक्षार्थी भाग लेंगे। व्यवस्थाओं की बात करें तो यहां 18 कमरों में सीसीटीवी कैमरे तो लगे मिले, लेकिन कुछ कमरों में धूल से पटा टूटा फूटा फर्नीचर भरा मिला। कक्षों के दरवाजे भी गायब मिले। प्रबंधक खुशहालीराम गंगवार ने बताया कि अभी परीक्षा में दिन बाकी हैं, व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएगी। 

यहां तो कमरों में सीसीटीवी कैमरे ही नहीं
बीसलपुर के एसआरएम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्थाएं पाई गई। यहां 22 कमरों में हाईस्कूल के 895 व इंटरमीडिएट के 314 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस परीक्षा केंद्र के 12 कमरों में अब तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लग सके। फर्नीचर का भी अभाव देखने को मिला। प्रधानाचार्य कालीचरन गंगवार ने बताया कि उन्हें हाल ही में प्रधानाचार्य का चार्ज मिला है। इसलिए सीसीटीवी कैमरे लगने में देरी हुई है। 
विज्ञापन


पूरनपुर में परीक्षा के इंतजाम मिले दुरुस्त
गुरुनानक इंटर कॉलेज पूरनपुर परीक्षा केंद्र बोर्ड परीक्षा के बाबत सभी तैयारियां चाक चौबंद पाई गईं। यहां 13 कमरों में परीक्षा कराई जाएगी, सभी कमरे सीसीटीवी कैमरे से लैस मिले। प्रधानाचार्य रामप्रसाद सरोज ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था पहलेे से ही थी। यहां हाईस्कूल के 513 व इंटरमीडिएट के 541 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। 

खेतों के बीच बने परीक्षा केंद्र पर होगी बोर्ड परीक्षा
अमरिया क्षेत्र के इकरा मार्डन इंटर कॉलेज हरार्यपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां हाईस्कूल के 200 व इंटरमीडिएट के 490 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हालांकि यह परीक्षा केंद्र खेतों के बीच बना है। प्रधानाचार्य वकार अहमद ने बताया कि सभी 16 कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। फर्नीचर, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था भी दुरुस्त कर ली गई है। 

कलीनगर में भी तैयारियां मिली दुरुस्त
सीएंडजे इंटर कॉलेज कलीनगर को भी बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां 16 कमरों में हाईस्कूल के 652 व इंटर के 539 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस परीक्षा केंद्र पर सभी कमरों में सीसी टीवी लगे पाए गए। प्रधानाचार्य व स्टाफ रूम भी कैमरे से लैस मिला। हालांकि ब्लैक बोर्ड पुते नहीं मिले। प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। 

व्यवस्थाएं अधूरी मिली तो होगी कार्रवाई 
शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के पूर्व में ही आदेश दिए जा चुके हैं। कई परीक्षा केंद्रों का जायजा भी लिया गया है। यदि कहीं आधी अधूरी व्यवस्थाएं पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन

राजेश कुमार वर्मा, डीआईओएस 

फैक्ट फाइल: 
- 64 परीक्षा केंद्रों पर होगी बोर्ड परीक्षा 
- 28957 हाईस्कूल परीक्षार्थी देंगे परीक्षा 
- 22348 इंटरमीडिएट परीक्षार्थी होंगे शामिल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें