कस्बा बरखेड़ा में सोमवार रात अज्ञात लोगों द्वारा शरारत की गई। घरों के बाहर खड़ी कारों के शीशे तोड़ दिए गए। वहीं, एक मिठाई की दुकान के बाहर रखे काउंटर का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मंगलवार सुबह घटना का पता लगने पर कस्बे में हड़कंप मच गया। इसकी संयुक्त तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि देर शाम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस को दी तहरीर के अनुसार कस्बे की अलग-अलग गलियों में सोमवार रात इस तरह की शरारत हुई है। कस्बे के निवासी डा.सौरभ शर्मा, मोहम्मद रजा अंसारी, कमलेश चांदी वाले, अजय कुमार की घरों के बाहर खड़ी पांच कारें तोड़ दी गईं। किसी कार का आगे तो किसी का पीछे का शीशा क्षतिग्रस्त किया गया। इसके अलावा प्रेमपाल का खोखा पलट दिया गया और मिठाई व्यापारी मनोज सक्सेना की दुकान के बाहर रखे काउंटर का भी शीशा तोड़ दिया। मंगलवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर कस्बा बरखेड़ा में अफरातफरी मच गई। तोड़फोड़ अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण इसको रंजिशन नहीं कहा जा सकता। व्यापारियों ने इसके पीछे गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों के शामिल होने की भी आशंका जताई, हालांकि यह किसी के गले नहीं उतर सका। एसएसआई वीके पटेल ने बताया कि तहरीर मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। बाद में कार और दुकान के काउंटर का शीशा तोड़ने के मामले में देर शाम पुलिस ने डा.सौरभ शर्मा की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि अभी पुलिस पूरे मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं कर सकी है।