पीलीभीत। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के तहत कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण की समय-सारिणी जारी कर दी है। प्रवेश, ऑनलाइन विवरण अपलोड, सत्यापन और त्रुटि सुधार की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
परिषद के अनुसार, कक्षा 9 और 11 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का विवरण परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा व सन्निरीक्षा के माध्यम से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को भी कक्षा 11 में प्रवेश का अवसर मिलेगा। विद्यालयों को निर्धारित शुल्क जमा कराने के साथ प्रत्येक विद्यार्थी का शैक्षिक विवरण ऑनलाइन दर्ज करना होगा। पंजीकरण के बाद विद्यार्थियों के अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। परिषद ने नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, विषय संयोजन और फोटो सहित सभी विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करने के निर्देश दिए हैं।
त्रुटि मिलने पर निर्धारित अवधि में संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा, ताकि भविष्य में परीक्षा आवेदन और प्रमाणपत्र संबंधी समस्याएं न हों। प्रक्रिया की अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई। डीआईओएस विजय सिंह ने बताया कि इस संबंध में जरूरी प्रधानाचार्यों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संवाद