पीलीभीत। बृहस्पतिवार को होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते जनपदीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता अब 22 अगस्त के स्थान पर दो सितंबर को राम कॉलेज में होगी।
संस्कृत संस्थान लखनऊ की ओर से प्रत्येक वर्ष यह प्रतियोगिता जनपद, मंडल और प्रदेश स्तर पर होती है। संयोजक विश्राम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत संस्कृत गीत गायन, सामान्य ज्ञान, गद्य वाचन होता है। इस बार प्रतियोगिता रामा कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ सुरेन्द्र कुमार गंगवार के निर्देशन में होगी।
श्री दुग्धेश्वर संस्कृत महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य और प्रतियोगिता सहायक डॉ. तोहत्तर पाल ने बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि दुग्धेश्वर संस्कृत महाविद्यालय के पूर्व आचार्य वेदप्रकाश शुक्ल और विशेष अतिथि रामा कालेज के पूर्व संस्कृत प्रवक्ता तोताराम गंगवार होंगे। जनपद स्तर पर विजेताओं को क्रमशः एक हजार, 800 और 700 रुपये और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसी प्रकार मंडल स्तर पर विजेताओं को क्रमश: तीन हजार, दो हजार और एक हजार और राज्य स्तर के विजेताओं को 11 हजार, सात हजार और पांच हजार रुपये और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।