पीलीभीत गन्ना समिति की 12 सीटों के लिए सोमवार को 52 नामांकन जमा हुए थे। मंगलवार को चुनाव अधिकारी/ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार ने नामांकन पत्रों की जांच की जिसमें कोई भी नामांकन निरस्त नहीं हुआ। पीलीभीत सोसाइटी में कोई आपत्ति दर्ज नहीं हुई। पत्रों की जांच प्रत्याशियों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई।
बीसलपुर। सहकारी चीनी मिल में डायरेक्टर पद के नामांकन पत्रों की जांच हुई। निर्वाचन अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि जांच में सभी 25 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इसकी सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। उधर, सहकारी गन्ना विकास समिति के निर्वाचन अधिकारी सीके श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में जाति प्रमाण पत्र न लगे होने पर अहिरोला सीट के प्रत्याशी संतोष कुमार और राजेश कुमार के नामांकन निरस्त कर दिए गए है। जांच में बाकी 40 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इनकी सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है।
पूरनपुर। सहकारी गन्ना समिति और चीनी मिल में प्रबंध समिति के संचालक चुनाव में मंगलवार को नामाकंन पत्रों की जांच की गई। सभी 37 और चीनी मिल के 17 नामांकन वैध पाए गए। गन्ना समिति के सचिव देव सिंह राना और चीनी मिल के ज्ञानेंद्र दीक्षित ने बताया कि नामांकन वैध होने के बाद प्रत्याशियों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है।
नाम वापसी के बाद आज स्पष्ट होगी स्थिति
पीलीभीत। गन्ना समिति और चीनी डायरेक्टर के 60 पदों के लिए कुल 169 नामांकन जमा हुए थे जांच के बाद 167 नामांकन निरस्त हो गए। अब बुधवार को नाम वापसी होनी है। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उम्मीद की जा रही है कि नाम वापसी से कुछ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है। 12 बजे तक नाम वापसी के बाद दो बजे से चुनाव चिह्न आवंटन किए जाएंगे।