समाज कल्याण विभाग से पारिवारिक लाभ एवं शादी अनुदान योजना में गड़बड़ी की आशंका के चलते लाभार्थियों की जांच कराई जा रही है। जिले में दोनों योजनाओं के पिछले दो वर्ष के लगभग सात हजार लाभार्थी जांच के दायरे में हैं।
बरेली में शादी अनुदान और पारिवारिक लाभ योजना में बड़ा घोटाला उजागर होने के बाद आयुक्त के आदेश पर डीएम ने जिले के लाभार्थियों की जांच शुरू कराई है। इसमें पारिवारिक लाभ एवं शादी अनुदान दोनों प्रकार के लाभार्थियों की हकीकत परखी जाएगी। यहां बता दें कि जिले में परिवारिक लाभ योजना के वर्ष 2012-13 के लिए 1900 एवं वर्ष 2013-14 के करीब 2000 लाभार्थी हैं। इसी प्रकार शादी अनुदान के दोनों वर्षों के 2700 लाभार्थी हैं। इन लाभार्थियों की जांच के लिए ईओ एवं संबंधित एसडीएम को लगाया गया है। दोनों अधिकारी लाभार्थियों के आय एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों की जांच के साथ मौके पर जाकर स्थिति की जांच भी करेंगे। सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी ने बताया कि अभी तक जिले के किसी भी गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है। जांच पूरी होने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।