शुक्रवार को देर शाम नगर पालिका बोर्ड की हुई आपात बैठक में संविदा सफाई कर्मचारियों को नवीनतम शासनादेश के तहत वेतन दिए जाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया है।
नवीनतम शासनादेश के तहत वेतन दिए जाने की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद के संविदा सफाई कर्मचारी 20 मई से बेमियादी हड़ताल पर हैं। इनके समर्थन में स्थाई सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं। शुक्रवार को देर शाम कैंप कार्यालय पर हुई पालिका बोर्ड की आपात बैठक में संविदा सफाई कर्मचारियों को नवीनतम शासनादेश के तहत वेतन दिलाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन छेदालाल जायसवाल ने और संचालन ईओ सुरेंद्र प्रताप ने किया। बैठक मेें लगभग सभी पालिका सदस्य मौजूद थे। ईओ ने बताया कि बोर्ड की बैठक में पास हुआ प्रस्ताव शासन को भेजने के लिए विशेष वाहक से डीएम कार्यालय भेज दिया गया है।
सफाई कर्मियों का धरना जारी
बीसलपुर। एक सूत्री मांग को लेकर नगर पालिका परिषद के संविदा सफाई कर्मचारियों का बेमियादी धरना शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को पालिका परिसर के बजाय धरना रामदुलारी कॉलेज में शुरू कर दिया है।
नवीनतम शासनादेश के तहत वेतन दिलाए जाने की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद के संविदा सफाई कर्मी हड़ताल पर जाकर 20 मई से पालिका परिसर में धरना शुरू कर रखा था। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि उनकी मांग पूरी होने तक, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर प्रेम प्रकाश, शांति देवी, चंदा, गीता देवी, सीमा देवी, सर्वेश, रामकुमार, चंदन, सोनू और अजय समेत सभी संविदा सफाई कर्मचारी शामिल थे।