पीलीभीत। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सोमवार को दूसरे चरण के आवेदन की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें 599 में सिर्फ 243 बच्चों को ही प्रवेश मिल सका। सीटें खाली न होने से 31 बच्चों को मायूस होना पड़ा।
दूसरे चरण में कुल 599 आवेदन पोर्टल पर प्राप्त हुए। इसमें से 274 आवेदन ठीक पाए गए। 325 आवेदन जांच के दौरान विभिन्न कारणोंं के चलते निरस्त किए गए। बीएसए रोशनी सिंह ने सोमवार को लॉटरी प्रक्रिया पूरी की। इसके तहत 243 बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया। स्कूलों में सीट न खाली होने की वजह से 31 बच्चों का प्रवेश नहीं हो सका।
आरटीई के लिए तीन चरणों में आवेदन की तिथियां निर्धारित की गईं। प्रथम चरण में दो फरवरी से 16 फरवरी, दूसरा चरण 21 फरवरी से सात मार्च तक, तीसरा चरण 12 मार्च से 25 मार्च तक निर्धारित किया गया है। बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि अगले चरण की लॉटरी दिए गए रोस्टर के मुताबिक निकाली जाएगी। जो आवेदन सही पाए गए हैं, उनको शैक्षिक सत्र 2026-27 में प्रवेश दिया जाएगा। प्रथम चरण में 1001 छात्र-छात्राओं को स्कूल आवंटित किए गए। इसकी सूची संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों और आवंटित विद्यालयों को भेज दी गई है।