पीलीभीत। निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के तहत निजी स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों के 25 फीसदी प्रवेश के तहत जिले में आवंटित सीटों में 136 सीटें रिक्त रह गई हैं। इसकी वजह यह है कि बच्चों को लॉटरी सिस्टम के जरिए उनके मन मुताबिक स्कूल आवंटित नहीं हो सका। अन्य सभी बच्चों का प्रवेश कराया जा चुका है।
विभाग की ओर से नियमित सत्यापन भी किया जा रहा है। शैक्षिक सत्र 25-2026 में समग्र शिक्षा के तहत बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए 1275 सीट आवंटित हुई थीं।
इसके सापेक्ष 1138 बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया है। 136 सीटें खाली रह गई हैं। विगत वर्षों की अपेक्षा इस बार 89 प्रतिशत से अधिक बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया।
समग्र शिक्षा के तहत निजी स्कूलों में मौजूदा समय में तीन हजार सात सौ बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रवेश देने वाले स्कूल को विभाग की ओर से वर्ष में 5400 रुपये की फीस प्रतिपूर्ति के लिए सहायता दी जाती है। साथ ही बच्चों के अभिभावक के खाते में पांच हजार रुपये की वित्तीय सहायता भी दी जाती है। फीस प्रतिपूर्ति और वित्तीय सहायता देने के लिए सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन रिपोर्ट आते ही विभाग की ओर से स्कूलों को फीस प्रति पूर्ति और अभिभावक को वित्तीय सहायता के तौर पर धनराशि उनके खाते में भेज दी जाएगी।