पत्नी के कुंडल और फोन लूटे जाने की दी थी सूचना, जांच में फर्जी निकली कहानी
बरखेड़ा। रिश्तेदार को नीचा दिखाने और उस पर दबाव बनाने के लिए एक व्यक्ति ने पत्नी के साथ लूट होने की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने जांच के बाद घटना को फर्जी पाया। झूठी सूचना देने वाले शिकायतकर्ता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बुधवार को बरेली के थाना क्योलड़िया के ग्राम गोपालपुर गोटिया निवासी हरविंदर ने बरखेड़ा पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी के साथ रास्ते में लूटपाट हो गई। उसने बताया कि वह पत्नी के साथ थाना क्षेत्र के गांव बुहिता से बरखेड़ा आ रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी के कान के कुंडल और मोबाइल फोन लूट लिए। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छानबीन करने के साथ ही शिकायतकर्ता से पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर लूट की कहानी में कई झोल सामने आए। सख्ती से पूछताछ करने पर शिकायतकर्ता ने पूरी घटना के फर्जी होने की बात स्वीकार कर ली।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि हरविंदर ने अपने रिश्तेदार आकाश निवासी करनपुर, थाना बिलसंडा को नीचा दिखाने और उस पर मानसिक दबाव बनाने के उद्देश्य से लूट की झूठी साजिश रची थी। पुलिस ने झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में हरविंदर को गिरफ्तार कर लिया। संवाद