पीलीभीत। परिवहन निगम ने पीलीभीत से वाराणसी के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है। इससे यात्रियों को सहूलियत होगी। लंबे समय से सीधी बस सेवा की मांग की जा रही थी।
रोडवेज डिपो से 112 बसों का संचालन दिल्ली, आगरा, लखनऊ, मथुरा सहित अन्य जगहों के लिए किया जा रहा है। अब तक वाराणसी मार्ग पर एक भी बस का संचालन नहीं हो रहा था। ऐसे में यात्रियों के लिए बरेली, शाहजहांपुर या लखनऊ जाकर वाराणसी के लिए बस लेनी होती थी।
लंबे समय से यात्री इस मार्ग पर सीधी बस चलाने की मांग की जा रही थी। अब यह पूरी हुई है। परिहवन निगम के अधिकारियों ने बताया कि यह बस सुबह साढ़े छह बजे पीलीभीत से चलकर बरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
वहां से अगले दिन सुबह चार बजे चलने के बाद देर रात पीलीभीत आएगी। पीलीभीत डिपो के संचालन प्रभारी प्रदीप वाजपेयी ने बताया कि यह बस नियमित चलेगी।