बिलसंडा। केंद्रीय राज्यमंत्री/सांसद जितिन प्रसाद ने रविवार को ब्लॉक के गांव बिलासपुर में 12.80 करोड़ रुपये लागत की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें सड़कों के कई प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। काम पूरा होने के बाद इन मार्गों से गुजरने वाले राहगीरों को सहूलियत मिलेगी।
गांव पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद का पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने 12 करोड़ 80 लाख की लागत से सड़क निर्माण, मरम्मत समेत 14 परियोजनाओं में सात का लोकार्पण और सात का शिलान्यास बटन दबाकर किया।
कहा कि आप लोगों का एक-एक वोट बड़ा उम्मीद का और विश्वास का होता है। उसी विश्वास को कायम रखते हुए आप के बीच बड़ी सौगात लाएंगे। डबल इंजन की भाजपा सरकार पीलीभीत के विकास को नई गति देगी। चौमुखी विकास हो, यहां की व्यवस्था में सुधार हो इसका प्रयास है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने रामपुर बसंत में मां के निधन से शोकाकुल पूर्व प्रधान देवेश सिंह के घर पहुंच कर संवेदनाएं प्रकट कीं। इस मौके पर महीप सिंह चंदेल, सचिन शर्मा, राकेश प्रताप, सुधीर, रामदास पाठक, देवस्वरूप पटेल, सच्चिदानंद मिश्रा, विकेश, रमेश गुप्ता, राजेश सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
मिलीं यह सौगातें
केंद्रीय राज्यमंत्री ने मुड़िया हुलास से कटकवारा संपर्क मार्ग, कुरैया खुर्द से मकरंदपुर मार्ग, परेई पुलिया से उमरिया मार्ग, बारह पत्थर से कितनापुर संपर्क मार्ग, महुआ से खानपुर-बीसलपुर मार्ग, रिछीलाघासी से ललौर गुजरानपुर मार्ग, ईंटगांव बमरोली मार्ग से बिलासपुर संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। बल्देवपुर आश्रम से नहर पर राजकीय महाविद्यालय हेमपुर तक संपर्क मार्ग, गांव पिपरिया सिंगीपुर से गांव कुहारा संपर्क मार्ग का नव निर्माण, दियोरिया से कटेईंया नहर की पुलिया तक नवनिर्माण किया जाएगा। गांव राठ से चांदपुर शाहजहांपुर की सीमा तक नवनिर्माण, गांव मरैना से गांव सिंमरौली मार्ग का नवनिर्माण, बीसलपुर शाखा नहर पर गांव भसूडा से बीसलपुर गोला वाया बिलसंडा मार्ग तक निर्माण कार्य, फरीदपुर-बीसलपुर मार्ग पर होने वाले कार्य का शिलान्यास किया।
गांव बिलासपुर में आयोजित सभा में मौजूद लोग।संवाद