शारदा नदी का जलस्तर कम होने के साथ ही कटान और तेज हो गया है। नदी रमनगरा बुझिया क्षेत्र में कृषि भूमि का अब भी कटान कर रही है। बिजौरी खुर्द कलां का जंगल भी कटान की जद में आ गया है।
शारदा की रमनगरा बुझिया क्षेत्र में चौड़ाई अधिक होने के बावजूद दायें किनारे पर लगातार कटान जारी है। यहां नदी गन्ना समेत अन्य फसलों का कटान करती हुई बिजारी खुर्द कलां के जंगल की ओर बढ़ती जा रही है। जानकारों के मुताबिक यदि कटान की गति यही रही तो जल्द ही रमनगरा बुझिया गांव का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। यहां रहने वाले अधिकतर परिवार शारदा डैम इलाके में पलायन कर चुके हैं। इसके अलावा नलडेंगा क्षेत्र में स्परों के निकट नदी का कटान जारी है। शारदा सागर खंड के कर्मचारियों ने यहां ठेकेदार से बोरों में रेत भरकर नदी किनारे डलवानी शुरू कर दी है।